27 मार्च को शिमला में भाजपा की जन आक्रोश रैली, कांग्रेस सरकार के खिलाफ उमड़ेगा जनसैलाब
हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पंकज जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली कांग्रेस सरकार के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही गोलीबारी की घटनाओं से आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग नाराज है। उन्होंने दावा किया कि 27 मार्च को शिमला में होने वाली भाजपा की जन आक्रोश रैली में प्रदेशभर से जनता का जनसैलाब उमड़ेगा और कांग्रेस सरकार की नीतियों का करारा जवाब देगा। पंकज जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया, जिससे आम जनता प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी का भी आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है, जबकि सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे 27 मार्च को शिमला में होने वाले भाजपा के विरोध प्रदर्शन और विधानसभा घेराव में बढ़-चढ़कर भाग लें।












