एसआईयू सुंदरनगर की बड़ी कार्रवाई: 6 ग्राम चिट्टे के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
जिला मंडी के सुंदरनगर में पुलिस को हेरोइन के काले कारोबार को लेकर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की हेरोइन तस्करी को लेकर बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट यानी एसआईटी ने क्षेत्र के कलौहड़ में 6 आरोपियों को 6 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की एसआईयू टीम एएसआई दौलतराम, हेड कांस्टेबल हंसराज सैनी, कांस्टेबल सतीश, कमल, कुलदीप और उपेश राणा क्षेत्र के कलौहड़-बीणा सड़क पर गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान कलौहड़ बाजार से बीणा की ओर सड़क के किनारे एक अल्टो कार और दो स्कूटी संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी हुई थी और कार के अंदर युवक बैठे हुए थे। इस पुलिस टीम ने कार में बैठे युवकों की तलाशी ली गई। इसमें 3 युवकों की जेब से फॉइल पेपर बरामद हुए और गाड़ी से एक पॉलीथीन में 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी युवकों से प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मामले में गिरफ्तार युवकों में 4 युवकों के खिलाफ पहले से चिट्टे के मामले दर्ज हैं और एक आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया है।
मामले में संलिप्त आरोपी
आरोपियों की शिनाख्त रोहित कुमार(28) पुत्र राजकुमार गांव भौण बाड़ी डाकघर कलौहड़, अनुभव(24) पुत्र हेम सिंह गांव निचली बैहली, ललित राघवा(30) पुत्र चमन लाल गांव डोडवां डाकघर भोजपुर, निखिल कुमार(25) पुत्र राजेंद्र सिंह गांव खिलड़ा, युगल (24) पुत्र भीमसेन गांव खिलड़ा और अरशद खान पुत्र चांद खान गांव झझवानी डाकघर लेहड़ी सरेल तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है।
आदतन आरोपियों के खिलाफ पुलिस कर रही विशेष कार्रवाई
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि चिट्टे के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके अंतर्गत पुलिस द्वारा क्षेत्र में स्थानीय लोगों द्वारा चिट्टे के व्यापार में संलिप्तता को लेकर विशेष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिट्टे के मामलों में आदतन आरोपियों की जमानत याचिका को खारिज कराने के लिए भी पुलिस विशेष कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला मंडी पुलिस लोगों को चिट्टे के खिलाफ लगातार जागरूक कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत लोगों के पास जाकर उनकी फीडबैक और ग्राउंड रिपोर्ट ली जा रही है।












