पीओ सेल मंडी की बड़ी कार्रवाई, हत्या मामले में उदघोषित आरोपी को पंचकूला से किया गिरफ्तार
जिला मंडी पुलिस के विशेष दल पीओ सेल ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय सरकाघाट के न्यायालय में विचाराधीन हत्या मामले में उदघोषित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के पंचकूला के 26 सेक्टर से गिरफ्तार कर आगामी प्रक्रिया के लिए पुलिस थाना धर्मपुर के हवाले कर दिया है। आरोपी की पहचान पारूल ठाकुर पुत्र रविंद्र कुमार निवासी गांव झड़ियार डाकघर कांगू का गेहरा तहसील धर्मपुर जिला मंडी के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में पुलिस थाना धर्मपुर में हत्या मामले को लेकर एफआईआर दर्ज किया था। वहीं आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा चालान तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय सरकाघाट के समक्ष केस विचाराधीन था। ट्रायल के दौरान आरोपी कोर्ट से गैर हाजिर रहा और इस पर न्यायालय द्वारा उसे 27 फरवरी 2025 को उदघोषित आरोपी घोषित कर दिया गया। पीओ सेल मंडी टीम एचएचसी मोहिंद्र सैनी, रवि कुमार और नरेश कुमार तथा कांस्टेबल हरीश को आरोपी के बारे में हरियाणा के पंचकुला के सेक्टर 26 में मौजूद होने की सूचना मिलने पर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पीओ सेल टीम मंडी ने हत्या मामले में उदघोषित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि पीओ सेल टीम ने आगामी कार्यवाही के लिए आरोपी को धर्मपुर पुलिस के हवाले कर दिया है।












