राज्यस्तरीय नलवाड़ किसान मेले में बास्केटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, हमीरपुर ने खिताब जीता
राज्यस्तरीय नलवाड़ किसान मेला सुंदरनगर के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) में बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुरुष वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) सुंदरनगर लेख राम भारद्वाज ने किया। 8 टीमों में बास्केटबॉल प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला हमीरपुर और एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के बीच खेला गया जिसमें हमीरपुर ने 83-47 से मैच जीता। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच घुमारवीं और मंडी के बीच खेला गया। घुमारवीं ने यह मैच 55-47 से अपने नाम किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला घुमारवीं और हमीरपुर के बीच खेला गया, जिसमें हमीरपुर ने 72-56 से जीत दर्ज कर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्यातिथि कृष्ण कुमार नेगी ने विजेता व उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।












