सरकाघाट कॉलेज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता व्याख्यान
रवींद्र नाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय, सरकाघाट में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा "मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियम" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर आर कौंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना और उनको यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की प्रेरणा देना था। इस कार्यक्रम में अधिवक्ता पवन ठाकुर मुख्य वक्ता रहे, उन्होंने विद्यार्थियों को मोटर वाहन अधिनियम 1988 और उसके संशोधनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात नियमों को प्रभावी बनाना और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना है। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, वाहन बीमा और यातायात उल्लंघनों पर जुर्माने के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके साथ साथ उन्होंने यह भी बताया कि संशोधित मोटर वाहन अधिनियम के तहत बिना हेलमेट ड्राइविंग, सीट बेल्ट न लगाना, तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग करना और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना गंभीर अपराध हैं, जिन पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. राजीव राणा के अलावा प्रो नीरज, प्रो राजेश कुमार, प्रो संजीव कुमार और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।












