सनातन आस्था पर आक्रमण स्वीकार्य नहीं : साहित्य परिषद
अखिल भारतीय साहित्य परिषद सुंदरनगर द्वारा देश की महामहिम राष्ट्रपति को सोमवार को सुंदरनगर के एसडीएम (सिविल) अमर नेगी के माध्यम से एक ज्ञापन भेजा।परिषद से जुड़े उत्तम चंद शर्मा, आचार्य रोशन लाल,भीम सिंह परदेशी, एडवोकेट राजेंद्र पाल शर्मा,प्रकाश भारद्वाज, दीपक भारद्वाज, सुरेंद्र मिश्रा,परस राम गर्ग ने दिए गए ज्ञापन में महामहिम राष्ट्रपति से अपने निवेदन में कहा है कि सनातन संस्कृति के उदघोष के शिखर महापर्व महाकुंभ की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले लालू यादव, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान न सिर्फ करोड़ों सनातन धर्मियों के विश्वास का अपमान और इनकी आस्था पर हमले हैं बल्कि देश की अस्मिता पर भी आक्रमण है। इन्हें स्वीकार्य नहीं किया जा सकता है।जिस महाकुंभ में आपने भी प्रयागराज के पावन संगम त्रिवेणी में डुबकी लगाई हो और सनातन आस्था के गौरव को नित्य नूतन शिखर पर पहुंचा रहे प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी सहित देश विदेश के असंख्य श्रद्धालुओं ने जहां के पावन पुण्य जल में स्नान कर सनातन संस्कृति के सरोकारों को साष्टांग प्रणाम किया हो उसको लेकर लालू यादव, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, मलिकार्जुन खड़गे या अन्य किसी की अपमान अथवा कुंभ के महत्व को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं। अखिल भारतीय साहित्य परिषद इनकी घोर निन्दा ही नहीं करती है बल्कि इनके इस अपराध को अक्षम्य मानते हुए आपसे इन्हें कठोर दंड दिलाने की भी मांग करती है।












