सड़क पर पर्यटकों की मनमानी जारी, लापरवाही से बढ़ रहा हादसों का खतरा
लोकनिर्माण विभाग ने बीड़–बड़ा ग्रां-सड़क मार्ग का निर्माण कार्य विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल विल्लिंग से वाया राजगुन्धा होकर लगभग पूर्ण कर दिया गया है तथा इस सड़क मार्ग को अंतिम रूप देने के लिए निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। उसके चलते गत माह इस सड़क मार्ग का सरकारी बस को बड़ाग्रां बस ठहराव तक चलाकर प्रशिक्षण तक कर दिया है। उस प्रशिक्षण में इस सड़क मार्ग में कुछ कमियां पाई गई है। जिन्हें पूरा करने के लिए विभाग पूरी तरह जुटा हुआ है। हालांकि इस सड़क मार्ग में अभी तक लोकनिर्माण विभाग द्वारा इस सड़क मार्ग में सभी वाहन चालकों को आवाजाही करने के लिए कोई भी अनुमति नहीं दी गई है मगर उसके बावजूद भी इस सड़क मार्ग के बीच विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाडिंग स्थान विल्लिंग होने के साथ–साथ पर्यटन के लिहाज से देखा जाए तो यहां आने वाले सभी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने वाले सल्याहतर पास, कुड़धार, राजगुंधा, कुक्कड़ गुंधा, बड़ाग्रां, प्लाचक आदि रमणीक स्थलों को निहारने की इच्छा रखने वाले स्थानीय व बाहरी पर्यटक इस सड़क मार्ग में आवाजाही करने की मनमानी ही कर रहे हैं। जिसके चलते इस सड़क मार्ग में आजतक कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। इन दुर्घटनाओं से अब तक दो लोग मौत के घाट उतर गए हैं और कई लोग सड़क मार्ग में तीखे मोड़ों के कारण गाड़ी का संतुलन खो जाने से उनके वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ स्वयं भी घायल हो गए हैं। छोटाभंगाल घाटी के कुक्कड़ गुंधा गांव के निवासी व संसाल पंचायत के पूर्व प्रधान लायक राम, बीडीसी सदस्य कविता ठाकुर, बड़ा ग्रां पंचायत की प्रधान चंद्रमणी देवी, उप प्रधान राजकुमार, पूर्व प्रधान भीम सिंह, कोठी कोहड़ पंचायत की प्रधान रक्षा देवी, उपप्रधान रणजीत सिंह का कहना है कि इस बार भी पर्यटन सीजन आने ही वाला है जिसके चलते बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल तथा लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि लोगों की सुविधा के लिए व पूर्व में हुई दुर्घटनाओं को मद्धेनजर रखते हुए इस सड़क मार्ग में शेष रही कमियों को तुरंत पूरा करने के साथ–साथ पैरापिट का निर्माण कार्य व रेलिंग लगाने का कार्य भी किया जाए ताकि किसी भी वाहन चालकों को इस सड़क मार्ग में आवाजाही करते समय इस भी प्रकार की अनहोनी घटना होने से बचाया जा सके।












