होले मुहल्ले पर वार्षिक अटूट लंगर का आयोजन, जेएनवी प्राचार्य ने की शुभ शुरुआत
पंडोह में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में 11 मार्च से होले मोहल्ले पर गुरु का अटूट लंगर बरता जा रहा है। बुधवार लंगर के दूसरे दिन जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के प्राचार्य एसडी शर्मा के कर कमलों से लंगर की शुरूआत करवाई गई। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी कुलविंदर शर्मा भी मौजूद रही। दोनों ने संगतों को गुरु का लंगर रूपी प्रसाद बांटा। शर्मा ने कहा कि हर वर्ष बाबा कश्मीर सिंह जी भूरी वाले, बाबा सुखविंदर सिंह जी अमृतसर वाले, सेवक जत्था अमृतसर और सिंह सभा गुरु कमेटी पंडोह के संयुक्त प्रयासों से इस चार दिवसीय अटूट लंगर का आयोजन किया जाता है। लंगर होले मुहल्ले की यात्रा पर निकली संगत को तीन समय के भोजन की सुविधा के रूप में मुहैया किया जाता है। उन्होंने इस लंगर को यज्ञ की संज्ञा देते हुए कहा कि यह हर किसी के वश में नहीं है। जिनको भगवान का आशीर्वाद होता है वहीं इस पुनित कार्य का भागी बनते हैं। उन्होंने कहा कि यह मानवता की सेवा के लिए किया जा बड़ा यज्ञ है। सेवादार हैप्पी सिंह ने बताया कि इस लंगर को बड़ी संख्या में पंजाब की संगत ग्रहण करती है मगर साथ साथ समूचे प्रदेश व विदेश से आने वाले लोग भी लंगर रूपी प्रसाद से गुरु कृपा के भागी बनते हैं। उन्होंने बताया कि गुरू का यह लंगर 11 मार्च से शुरू हुआ है और 12 मार्च को इसका दूसरा दिन रहा। सुबह 4 बजे से चाय एवं प्रसाद का लंगर शुरू हो गया था उसके बाद सुबह के समय आलू और पूरी, दोपहर के समय न्यूट्री सब्जी और रोटी, शाम के समय गुलाब जामुन एवं समोसा और रात के समय राजमा चावल का लंगर चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने इस लंगर का भरपूर आनंद लिया। कल और परसों यानी 13 और 14 मार्च की शाम तक अटूट बरतेगा। इस मौके पर आयोजक अमृतसर की टीम से तरलोचन सिंह उर्फ बिट्टू, मंजीत सिंह मंगा, हरजीत सिंह, जोरावर सिंह, अवतार सिंह एवं गुरुप्रसाद ने गुरुद्वारा सिंह सभा पंडोह गुरुद्वारा के प्रधान गुरनाम सिंह एवं वरिष्ठ नागरिक नेत्र पाल सहित अन्य गणमान्य लोगों को सिरोपा और प्रसादा भेंट कर सम्मानित भी किया।












