सुंदरनगर में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल चैंपियनशिप शुरू, देशभर की 16 टीमें लेंगी भाग
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सोमवार को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ सुंदरनगर के बीबीएमबी कॉलोनी स्थित खेल मैदान में हो गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बता दें कि इस प्रतियोगिता में देश के चार जोन की 16 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें मेजबान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के साथ-साथ पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, पारुल यूनिवर्सिटी बड़ौदा, पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी रायपुर, वीआईटी वेल्लोर, पेरियार यूनिवर्सिटी सेलम, उत्कल यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर, चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी जींद, स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी राजकोट, अन्नामलाई यूनिवर्सिटी तमिलनाडु, एसकेएम यूनिवर्सिटी दुमका, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ बनारस, महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी कोट्टायम. डा. भीमराव अंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी औरंगाबाद तथा गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर शामिल हैं। प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे। सोहनलाल ठाकुर ने कहा कि इस हैंडबॉल प्रतियोगिता में चार जोन से कुल 16 टीमों द्वारा भाग लेने से बड़ा आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा इस प्रतियोगिता से हिमाचल प्रदेश में हैंडबॉल खिलाड़ियों को एक अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान लोगों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का हैंडबॉल खेल में शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी। चार पूल में विभाजित चार-चार टीमों में से दो सर्वश्रेष्ठ टीमें प्रत्येक पूल से क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। क्वार्टर फाइनल के बाद के मुकाबले नॉकआउट रहेंगे। प्रतियोगिता में कुल 31 मैच खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भारतीय संयुक्त विश्वविद्यालय के सत्र 2024-25 की पुरुष वर्ग की विजेता टीमों का निर्धारण होगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह 27 मार्च को बीबीएमबी खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।












