चुनावी प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में बुधवार को 35-सरकाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मतदान प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कई अहम सुझाव दिए तथा इन सुझावों पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। इस बात की पुष्टि करते हुए निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान प्रक्रिया में व्यापक सुधार लाने जिसमें मतदाता सूची एवं मतदान संचालन इत्यादि मद शामिल हैं, को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित कर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया में व्यापक सुधार लाने के लिए उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग मतदाताओं को घर से ही मतदान देने की सुविधा का सुझाव दिया। राजनीतिक दलों ने यह भी सुझाव दिया कि मतदान के समय किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित, चलने फिरने में असमर्थ मतदाताओं को भी घर से ही मतदान देने की सुविधा प्रदान की जाए। वर्तमान में चुनाव आयोग द्वारा 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं को घर से ही मतदान देने की सुविधा प्रदान की जा रही है। स्वाति डोगरा ने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को उचित प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव आयोग तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कहा कि इस बैठक के आयोजन का भी प्रमुख उद्देश्य जहां चुनावी प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची को बेहतर बनाना है तो वहीं मतदान संचालन प्रक्रिया में भी मतदाताओं की सुविधानुसार व्यापक सुधार सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदान प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों की अहम भूमिका रहती है, ऐसे में चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया में व्यापक सुधार लाने के लिए इस तरह की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी विभिन्न राजनीतिक दल चुनावी प्रक्रिया में व्यापक सुधार लाने को लेकर अपने अहम सुझाव देते रहेंगे।












