25 हाउस पावर के दो पंप की मोटर खराब, विभाग ने नहीं करवाई रिपेयर
रत्ती पंचायत के छातर क्षेत्र में स्थित रत्ती उठाऊ पेयजल योजना का सही ढंग से रखरखाव न होने से इस स्कीम का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। विभाग की लापरवाही से कम क्षमता की मोटर से पानी उठाया जा रहा है, जिससे किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इस कारण किसानों में विभाग के प्रति खासा रोष पनप रहा है। जलशक्ति विभाग द्वारा यह पेयजल योजना करीब 45 साल पहले पूर्व में बनाई गई थी, मगर विभाग द्वारा सही ढंग से इसकी देखरेख न होने से इस योजना में लगे 25 हाउस पावर के दो पंप की मोटर पिछले कई दिनों से खराब पड़ी है, जिनकी विभाग द्वारा कोई रिपेयर नहीं करवाई जा रही है, इसके चलते लोगों को भी इस योजना का सही तरह से लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि इस स्कीम के पंपों के खराब होने के चलते विभाग द्वारा इस स्कीम को चालू रखने के लिए दो पंपों की जगह मात्र 10 हाउस पावर की मोटर लगा दी गई है, जो स्थानीय लोगों के अनुसार इस योजना के संचालन का कार्य ठीक ढंग से नहीं कर पा रही है। स्थानीय लोगों बालक राम कौंडल, नेत्र सिंह, उत्तम चंद, ग्राम पंचायत रत्ती के प्रधान दीक्षित नारंग ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र सब्जी उत्पादकों का है। यहां के अधिकांश किसान नगदी फसलों को उगा रहे हैं। मगर कम क्षमता की मोटर लगा देने के चलते किसानों को इस क्षेत्र में सब्जी की सिंचाई करने में दिक्कतें आ रही है, जिससे उन्हें बेहद नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि विभाग जब तक खराब मोटर की मरम्मत करता है, तब तक उनकी सब्जी खराब होने की कगार पर पहुंच जाती है। उन्होंने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि इस उठाऊ पेयजल योजना में एक मोटर की जगह दो मोटरें लगाई जाएं, ताकि एक के खराब होने की जगह दूसरी से काम चलाया जा सके, जिससे सब्जी उत्पादकों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में अधिकतर किसान नगदी फसलों को उगाकर अपनी रोजी रोटी का जुगाड़ करते हैं। उनकी आजीविका का एकमात्र साधन सब्जी तथा अन्य खाद्यान्न ही है। अनंत ज्ञान
सरकार से लगाई गुहार
स्थानीय पंचायत के प्रधान दिक्षित नारंग व ग्रामीणों ने सरकार तथा विभाग से गुहार लगाई है कि इस रत्ती उठाऊ पेयजल योजना में लगी 25 हाउस पावर की दोनों मोटरें ठीक करवाई जाएं या फिर इसमें 10 पावर हाउस की अतिरिक्त मोटर लगाई जाए, ताकि स्थानीय किसानों व सब्जी उत्पादकों को राहत मिल सके। उधर, स्थानीय निवासी बालक राम कौंडल ने बताया कि जब भी रत्ती खड्ड में पानी का जल स्तर बढ़ता है, तो यह पानी खड्ड के साथ सटे पंप हाउस में घुस जाता है। सिंचाई योजना बाधित हो जाती है, जिसकी मरम्मत विभाग तो नहीं करता है परंतु उन्हें ही मरम्मत करवानी पड़ती है।
यह लिफ्ट योजना से पर्याप्त पानी दिया जा रहा है। एक ही मोटर की परमिशन मिली हुई उसी हिसाब से पानी दिया जा रहा है। दूसरी मोटर अतिरिक्त लगाने की विभाग से परमिशन नहीं है। इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। इस योजना का कुछ एरिया राइट बैंक सिंचाई योजना में शामिल किया गया है, जिससे ज्यादा पावर की पंप लगाने का कोई औचित्य नहीं है, फिर भी यदि कोई शिकायत आएगी तो अवश्य ही कार्रवाई की जाएगी।
. ईं. संदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग बग्गी।












