देर रात मोबाइल चलाने से रोका, तो लगा दी नदी में छलांग, मौत
मंडी में एक युवती ने ब्यास नदी में कूदकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को नव्या शर्मा को उसके पिता रोहित शर्मा ने देर रात तक फोन चलाने के लिए डांटा और कहा कि रात बहुत हो गई है आजकल परीक्षा का समय है। डांटते हुए उन्होंने फोन छीन लिया और सोने के लिए कहा। तत्पश्चात परिजनों ने देखा कि नव्या अपने कमरे में नहीं है। इस पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की सहायता से सीसीटीवी खंगाले गए, उसमें नव्या विक्टोरिया पुल की ओर जाती हुई दिखी। सब सीसीटीवी खंगालने पर स्थिति और स्पष्ट हो गई। पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया, गोताखोरों की सहायता से नव्या का शव विक्टोरिया ब्रिज से 600 मीटर दूर बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। नव्या गोहर की रहने वाली थी। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।












