वोचिंग- रूलिंग सड़क मार्ग पर बस चलाने की मांग
लोक निर्माण विभाग के उपमंडल झटिंगरी के अंतर्गत आने वाले वोचिंग- रूलिंग सड़क मार्ग में एक सरकारी बस चलाने की मांग को स्थानीय लोगों ने जोरदार ढंग से उठाना शुरू कर दिया है। वोचिंग–रूलिंग सड़क मार्ग पर बस की सुविधा मिलने से कढ़ियाण, सच्चाण, लपास, नोट, सच्चाण गहर, कशामल, गलू तथा रूलिंग गांवों के लगभग दो हजार लोगों को लाभ मिलेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन गांव वासियों की जोरदार मांग पर सरकार ने जिला मंडी के सबसे ऊंचे दुर्गम गांव रूलिंग को सड़क मार्ग से तो जोड़ दिया है मगर इस सड़क मार्ग में सरकार बस सुविधा शुरू करना भूल गई है। गौरतलब है कि गत वर्ष द्रंग क्षेत्र के पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने वोचिंग -रूलिंग सड़क मार्ग के बीच कशामल गांव तक बस का सफल ट्रायल किया था लेकिन अभी तक कशामल गांव तक भी बस को नहीं चलाया गया है। जिस कारण इन गाँवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।












