प्रदेश सरकार का बजट दिशाहीन: पंकज जमवाल, अटल आदर्श विद्यालय की फाइल ठंडे बस्ते में
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता पंकज जमवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश किए गए बजट को "दिशाहीन बजट" करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जिन 10 गारंटियों के दम पर सत्ता में आई थी, उन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पंकज जमवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय खोले गए 1000 से अधिक संस्थानों को वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया, लेकिन इस बजट में उनका कोई जिक्र तक नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अपने व उपमुख्यमंत्री के क्षेत्रों को ही प्राथमिकता दी, जबकि अन्य इलाकों की पूरी तरह अनदेखी की गई। जमवाल ने कहा कि जोगिंद्रनगर में अटल आदर्श विद्यालय के लिए 40 बीघा भूमि दान की गई थी, लेकिन सरकार ने इस परियोजना को तीन वर्षों से ठंडे बस्ते में डाल रखा है। वहीं, अब डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की गई है, जो मात्र एक कागजी वादा बनकर रह जाएगी। भाजपा प्रवक्ता ने प्रदेश में बेसहारा गौवंश की दयनीय स्थिति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बजट में गौधन के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया, जिससे साबित होता है कि यह सरकार जनहित के मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। पंकज जमवाल ने सरकार की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार मात्र 100 रुपए में से 24 रुपए ही विकास कार्यों पर खर्च कर पा रही है, जिससे यह साफ होता है कि यह सरकार कर्ज के बोझ तले पूरी तरह डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों पर सिर्फ दिखावे की घोषणाओं तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिखेगा।












