पीओ सेल मंडी ने चोरी मामले के उदघोषित आरोपी को बल्ह के कुम्मी से किया गिरफ्तार
जिला मंडी पुलिस के विशेष दल पीओ सेल ने न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी चच्योट स्थित गोहर के न्यायालय में विचाराधीन एक चोरी के मामले में उदघोषित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र के गांव कुम्मी से गिरफ्तार कर आगामी प्रक्रिया के लिए पुलिस थाना बल्ह के हवाले कर दिया है। आरोपी की पहचान लेखराज उर्फ सोनू पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव और डाकघर कुम्मी तहसील बल्ह जिला मंडी हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में पुलिस थाना बल्ह में चोरी सहित अन्य अपराधों को लेकर एफआईआर दर्ज किया था। वहीं आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा चालान तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी चच्योट स्थित गोहर के समक्ष केस विचाराधीन था। ट्रायल के दौरान आरोपी कोर्ट से गैर हाजिर रहा और इस पर न्यायालय द्वारा उसे इसी वर्ष 31 जनवरी को उदघोषित आरोपी घोषित कर दिया गया था। पीओ सेल मंडी के एचएचसी मोहिंद्र सैनी,रवि कुमार और नरेश कुमार तथा कांस्टेबल हरीश की टीम ने त्वरित कार्रवाई अमल में लाते हुए आरोपी को बल्ह के गांव कुम्मी से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पीओ सेल ने मारपीट मामले में उदघोषित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पीओ सेल टीम ने आगामी कार्यवाही के लिए आरोपी को बल्ह पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।












