जिला स्तरीय किसान मेला पधर को लेकर देवता कमेटी के साथ बैठक का आयोजन
पधर में 15 से 19 अप्रैल तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय किसान मेले की तैयारियों के संबंध में एसडीएम पधर, सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में देवता कमेटी के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मेले में सूत्रधारी ब्रह्मा सहित लगभग 28 देवी-देवता अपनी उपस्थिति से मेले की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को आईपीएच रेस्ट हाउस से देवी- देवताओं की भव्य जलेब का आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान, देवी-देवताओं के बैठने के स्थान और नजराना राशि पर चर्चा की गई। इसके अलावा, 15 अप्रैल को चामुंडा माता डलाह द्वारा जल शक्ति विभाग के रेस्ट हाउस के पास भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनता से प्रसाद ग्रहण करने का अनुरोध किया गया है। एसडीएम ने इस अवसर पर नए देवी-देवताओं को जोड़ने के सम्बन्ध में कहा कि प्रशासन अपने स्तर पर किसी भी नए देवता को शामिल नहीं करेगा। इसमें निर्णय केवल देवता कमेटी द्वारा ही लिए जाएगा। इससे संबंधित कोई निर्णय लिया जाता है तो प्रशासन को 3 अप्रैल तक बता दें। इस अवसर पर देवता कारदार संघ के प्रधान लेखराज, उपप्रधान जगदीश कुमार, सचिव उमेश कुमार और संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












