राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशे से दूर रहने का संदेश
राज्यस्तरीय नलवाड़ किसान मेला सुंदरनगर के दौरान जवाहर पार्क सुंदरनगर मेला मैदान में जालपा कला मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम नशे से दूर रहने का संदेश दिया। सुंदरनगर में राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला नशा मुक्ति की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जालपा कला मंच स्ंयाह के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक व गीत संगीत के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि नशा एक धीमा जहर है जो अंदर ही अंदर युवाओं को खोखला कर रहा है। युवा पीढ़ी को नशे के मक्कड़ जाल से बचाने के लिए अभिभावकों के साथ समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। अध्यक्ष मेला कमेटी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि वे नशे को नजर अंदाज न करें और यदि उनके आस पास नशे की कोई घटना दिखाई देती है तो उसकी जानकारी संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को जरूर दें ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आज के समय में हर वर्ग विशेष रूप से युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है। नशे से बचाव के लिए किसी भी व्यक्ति को पैसे या अन्य प्रलोभन के झांसे में नहीं आना होगा।












