अभिलाषी विश्वविद्यालय में "कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न" पर कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित
अभिलाषी विश्वविद्यालय मंडी में महिलाओं को उनके कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल प्रदान करने और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में मंडी जिले के सीनियर जज व अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, विवेक कायस्थ मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहे। इसी के साथ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस शिविर में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के सदस्य, सभी डीन, प्रोफेसर एवं छात्रों ने सक्रिय तौर पर हिस्सा लिया और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (महिलाओं का संरक्षण) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी जानकारी मुहैया करवाई गई। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विवेक कायस्थ ने बताया कि यह कानून प्रत्येक कार्यस्थल पर आंतरिक शिकायत समिति गठित करने का प्रावधान करता है, जिससे पीड़ित महिला सुरक्षित तरीके से अपनी शिकायत दर्ज करा सके। उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला को कार्यस्थल पर अनुचित व्यवहार, अवांछनीय स्पर्श, अश्लील टिप्पणी, धमकी या अन्य किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है, तो वह सीधे संगठन की आंतरिक शिकायत समिति या स्थानीय शिकायत समिति से संपर्क कर सकती है। उन्होंने साथ ही साथ छात्रों को मोटर व्हीकल एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के बारे में भी विस्तृत तौर पर जानकारी उपलब्ध करवाई। उन्होंने छात्रों से चिट्टे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी साझा की और चिट्टे एवं अन्य सभी प्रकार के नशों से दूर रहने के लिए आह्वान किया। इस जागरूकता शिविर में विवि के कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने भी कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुझाव भी दिए। जिनमें यौन उत्पीड़न निवारण नीति को लागू करना, नियमित कार्यशालाओं का आयोजन करना और कार्यस्थल पर महिलाओं को समान अधिकार देना शामिल है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अंतर्भाव व मन से नारी का सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर विवि के डीन छात्र कल्याण, डॉ. देवेंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित गणमान्यों का धन्यवाद किया।इस उपलक्ष्य पर अभिलाषी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रो. चांसलर डॉ. एल.के.अभिलाषी, वाइस चांसलर प्रो. एच.के. चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. कपिल कपूर, जीनीयस एजुकेशन सोसाइटी की चेयरपर्सन डॉ. नर्वदा अभिलाषी, अभिलाषी एजुकेशन सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, सचिव नरेंद्र कुमार ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।












