जखेड़ा-समकल -हरवाणी मार्ग खस्ताहाल, सुधार की उठाई मांग
नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घांघल के एक बड़े भाग में लोक निर्माण विभाग गढ्ढों की गिरफ्त में पड़े मार्ग को सुधारने में पिछड़ता नजर आ रहा है जिससे वाहन चालकों सहित पदयात्रियों इत्यादि की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां से यानि गांव जखेड़ा से संपर्क करता मार्ग जो ग्राम पंचायत अप्पर बैहली के खासकर गांव समकल व हरवाणी को जोड़ता है बड़े लंबे समय से दयनीय स्थिति में होने के कारण वाहन चालकों सहित पदयात्रियों इत्यादि के लिए जी का जंजाल बना है क्योंकि यह मार्ग गढ्ढों में पड़े -पड़े अपनी बदहाली बयान करता जा रहा है। बुद्धिजीवी लोगों का कहना है कि जबसे मार्ग पक्का हुआ है तब से लेकर मार्ग की गुणवत्ता भरी मरम्मत के दृष्टिगत संबंधित विभाग किनारा किए हुए है और मार्ग को राम भरोसे छोड़ दिया गया है।ऐसी बुरी स्थिति में मार्ग बर्बादी की कगार पर है जिससे बुद्धिजीवी लोगों में संबंधित विभाग एवं सरकार के प्रति रोष एवं गुस्सा व्याप्त है। लोगों ने उपायुक्त मंडी से पुरजोर मांग की है कि शीघ्र ही घनी आबादी से जुड़े उक्त गढ्ढों भरे मार्ग की दशा सुधारने के लिए कारगर कदम उठाए।












