एक दिन में 12वीं के दो पेपर होना ठीक नहीं, 29 मार्च को केवल अंग्रेजी का पेपर ही लें
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा अंग्रेजी विषय का पेपर रद्द करने के उपरांत मार्च 29 तारीख को शाम के समय संपन्न करवाने का फरमान जारी किया गया है। गौरतलब है कि 29 मार्च को सुबह डांस विषय का पेपर है और शाम को बच्चों को अंग्रेजी विषय का पेपर देना पड़ेगा। बोर्ड के अड़ियल रवैये के कारण बच्चों को यह खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विनोद सूद और प्रांत एवं जिला कार्यकारिणी के सभी कार्यकर्ताओं ने हिमाचल प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए और उनकी सुविधा के लिए 29 मार्च को शाम के समय अंग्रेजी विषय की रखी गई परीक्षा को या सुबह की डांस विषय की परीक्षा को अगले किसी कार्य दिवस में संपन्न करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव को निर्देश दें। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ प्रांत मीडिया प्रमुख शशि शर्मा ने कहा कि 29 मार्च को पाठशाला में व्यस्ततम दिन है उस दिन सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम भी घोषित करने पड़ेंगे, क्योंकि 30 और 31 मार्च को दो दिन की छुट्टियां हैं। उन्होंने कहा कि इस दिन बहुत सारी पाठशालाओं में सेवानिवृत्ति के कार्यक्रम भी हैं साथ ही पाठशाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ शिक्षा संवाद का व्यस्त और महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को समझना चाहिए कि यह सभी गतिविधियां उस दिन अध्यापकों के सहयोग से ही संपन्न होती हैं और अपने बच्चों के परीक्षा परिणाम के लिए सभी अभिभावक अध्यापकों से बातचीत करते हैं साथ ही अगले सत्र की रूपरेखा भी अभिभावकों के साथ निश्चित की जाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिक्षा मंत्री इसमें अवश्य हस्तक्षेप करेंगे और बच्चों को राहत देंगे।












