काशी हिंदू विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन संपन्न
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्कृतविद्या धर्मविज्ञान संकाय, ज्योतिष विभाग द्वारा 20 से 22 मार्च 2025 तक अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। संकाय सभागार में संपन्न इस त्रिदिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ प्रो. राजाराम शुक्ल (संकाय प्रमुख) की अध्यक्षता में मंगलाचरण के साथ हुआ। देशभर से आए विद्वानों की उपस्थिति से यह आयोजन विद्वत विमर्श का केंद्र बना।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी और प्रो. विनय कुमार पांडेय का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में यह सम्मेलन भारतीय ज्योतिष, धर्मविज्ञान और संस्कृत शिक्षा के गहन अध्ययन का मंच बना। विद्वानों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए और ज्योतिष शास्त्र के वैज्ञानिक व आध्यात्मिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
प्रो. बिहारी लाल शर्मा और लेखराज शर्मा की आत्मीय भेंट
इस सम्मेलन के दौरान संस्कृत एवं ज्योतिष के प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. बिहारी लाल शर्मा और श्री लेखराज शर्मा के बीच विशेष चर्चा हुई। इस संवाद में संस्कृत शिक्षा, ज्योतिष धर्मविज्ञान और शोध की वर्तमान स्थिति पर विचार किया गया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में संस्कृत विश्वविद्यालय की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
प्रो. बिहारी लाल शर्मा वर्तमान में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं। मूलतः हिमाचल प्रदेश के झंडूता उपमंडल, भदोल गांव के निवासी प्रो. शर्मा इससे पहले श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर और निदेशक, आईक्यूएसी तथा चीफ प्रॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर जिले, झंडूता उपमंडल और उनके पैतृक गांव भदोल में हर्ष का माहौल है। यह सम्मेलन भारतीय ज्योतिष और संस्कृत शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। आयोजन समिति ने भविष्य में भी ऐसे विद्वत सम्मेलनों के आयोजन की घोषणा की।












