विधानसभा में गूंजा ढाबा संचालक पर हुए हमले का मामला विधायक इंद्र सिंह गांधी ने जांच पर उठाए सवाल
मंडी जिला में ढाबा संचालक पर हुए हमले के मामले की गूंज विधानसभा में सुनाई दी। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने इस मामले में जांच पर सवाल उठाए और सरकार को घेरने का प्रयास किया। विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि हिमाचल जैसे शांतिप्रिय प्रदेश में ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला होना एक बहुत ही गंभीर मसला है। उन्होंने कहा है कि इस मामले के आरोपी नगर परिषद नेर चौक में जहां रहते थे वहां की नगर परिषद की वार्ड सदस्य भी वही नजदीक ही रहती हैं क्या उन्होंने कभी इन लोगों की चेकिंग करने का प्रयास किया यह एक गंभीर सवाल है। विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि पहले भी नगर परिषद के इस वार्ड में हत्या का मामला पेश आया था, लेकिन प्रशासन व सरकार गंभीर नहीं है जिससे बाहरी राज्यों से आने वाले प्रवासी लोगों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जब हम ऐसे गंभीर मामलों को सदन में उठाते हैं तो सरकार व मुख्यमंत्री यह आश्वासन देते हैं कि इन बढ़ते आपराधिक मामलों को रोकने के लिए व कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन को आदेश जारी किए जाएंगे मगर बल्ह थाने में कर्मचारियों की संख्या को बढ़ाने का कोई जिक्र सरकार की ओर से नहीं किया जाता है। उन्होंने सदन में रिवालसर थाने का मुद्दा भी उठाया। गांधी ने कहा कि पूर्व सरकार के समय के रिवालसर थाने को वर्तमान सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध से डीनोटिफाई कर दिया है जो ऊपरी बल्ह के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से इस थाने को पुनः नोटिफाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह से चोरी और अपराध के मामले बढ़ रहे हैं इसके मद्देनजर रिवालसर में शीघ्र थाना खोलना चाहिए साथ ही थाने में पुलिस कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए। विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कृषि विभाग पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बल्ह के किसानों को जब भी बीज की जरूरत होती है तब सरकार के पास बीज उपलब्ध नहीं होता है। उन्होंने सरकार से किसानों को निजी दुकानों से खुद बीज खरीदने पर अनुदान प्रदान करने की व्यवस्था करने की मांग की ताकि किसानों को उच्च क्वालिटी का बीज समय पर मिल सके तथा विभाग की लेट लतीफी का खामियाजा ना भुगतना पड़े।












