भड़ोल में नशा निवारण बैठक, एसपी साक्षी वर्मा ने संभाली कमान
लडभड़ोल शुक्रवार को समाज में नशीली दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग को रोकने के लिए जोगिंदरनगर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को लडभड़ोल तहसील की ग्राम पंचायत भड़ोल में नशा निवारण पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मंडी की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने की। भड़ोल पंचायत पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने एसपी साक्षी वर्मा का भव्य स्वागत किया। बैठक में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ता समूहों, गैर सरकारी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वास्थ्य विभाग के सदस्यों सहित करीब 250 लोगों ने भाग लिया। बैठक में चिट्टा/हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे पर विशेष चर्चा हुई। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए समुदाय-आधारित समाधान और मजबूत कानून प्रवर्तन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान, सामुदायिक सहयोग और पुलिस कार्रवाई मिलकर इस समस्या को रोक सकते हैं। बैठक में डीएसपी पधर देवराज शर्मा, थाना प्रभारी जोगिंदरनगर सकीनी कपूर, तहसीलदार लडभड़ोल उर्मिला सुमन, ग्राम पंचायत भड़ोल की प्रधान मीनाक्षी देवी, उपप्रधान रणजीत चौहान, कांग्रेस नेता प्रेमनाथ, संतोष कुमार और एक्स मैन लीग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में यह संदेश दिया गया कि नशा निवारण केवल पुलिस का काम नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ काम करने का संकल्प लिया। यह आयोजन नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में लिए गए निर्णयों को अमल में लाने के लिए पुलिस और प्रशासन अब और ठोस कार्ययोजनाएं तैयार करेगा।












