डॉ. पूजा सूद बनीं पीयूएसएसजीआरसी होशियारपुर की अध्यक्ष
जोगिंद्रनगर की बेटी डॉ. पूजा सूद को पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के कुलपति द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय स्वर्ण जयंती स्नातकोत्तर क्षेत्रीय केंद्र, होशियारपुर (कानून अध्ययन विभाग) की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से समस्त जोगिंद्रनगर क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। डॉ. पूजा सूद लंबे समय से कानून विषय की सहायक आचार्य के पद पर होशियारपुर में कार्यरत थीं और अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण के बल पर उन्होंने यह प्रतिष्ठित पद हासिल किया। उनकी यह नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि जोगिंदर नगर और हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। डॉ. पूजा सूद एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं। वह जोगिंदर नगर के प्रसिद्ध व्यापारी एवं समाजसेवी स्वर्गीय रमेश सूद की सुपुत्री हैं। उनका विवाह हिमाचल कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पूर्व सचिव एवं जय मां दुर्गा नर्सिंग महाविद्यालय के निदेशक डॉ. राकेश धरवाल से हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली डॉ. पूजा ने कानून विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त की और अपने मेहनत, लगन और निष्ठा से शिक्षण क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। डॉ. पूजा की इस उपलब्धि पर जोगिंद्रनगर की जनता ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत के विद्वानों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस नियुक्ति से क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी उत्साह है, क्योंकि वे शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने वाली एक और प्रेरणादायक हस्ती के रूप में उभरकर सामने आई हैं। डॉ. पूजा सूद की यह नियुक्ति शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी। उनकी नई भूमिका में उनसे अपेक्षा की जा रही है कि वे न्यायिक शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाएंगी, कानून के विद्यार्थियों को बेहतरीन मार्गदर्शन देंगी और संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जोगिंद्रनगर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां की प्रतिभाएं देशभर में अपनी छाप छोड़ रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












