माकपा ने उठाई चीफ इंजीनियर सुसाइड केस की न्यायिक जांच की मांग
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी(मार्क्सवादी) की धर्मपुर-सरकाघाट लोकल कमेटी हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में कार्यरत चीफ इंजीनियर श्री विमल नेगी की मृत्यु पर शोक व्यक्त करती हैं तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हैं।पार्टी सचिव व पूर्व ज़िला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने कहा कि चीफ़ इंजीनियर विमल नेगी की मृत्यु जिस परिस्थिति में हुई है उसको लेकर उनकी पत्नी व अन्य लोगों ने कुछ गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं । मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी मांग करती है कि इसकी न्यायिक जांच की जाए ताकि निष्पक्ष रूप से सही तथ्य सामने आ सके। विमल नेगी की मौत को लेकर जो प्रश्न उठाए जा रहे हैं वह सभी कार्यस्थलों चाहे वह सरकारी कार्यालय ही क्यों न हो में व्यवस्थित विफलता को उजागर करता है। वर्तमान नीतियों के चलते सरकारी कार्यालयों में भी भर्तियों को सही रूप से न करने के कारण कर्मचारियों की संख्या निरन्तर घट रही है जिससे कर्मचारियों पर काम का बोझ बड़ा है तथा उन्हें देर रात तक काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस दबाव के कारण उनका मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न भी बढ़ रहा है। सरकार को इसके हल के लिए ठोस नीतिगत कदम उठाने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त इस घटना को लेकर इस सरकारी संस्थान में प्रशासनिक स्तर पर भी कुछ अन्य गंभीर प्रश्न उठाए जा रहे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को सभी पहलुओं को जांच का हिस्सा बना कर तथ्य जनता के समक्ष लाने चाहिए।












