नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ अभिलाषी विश्वविद्यालय में जागरूकता अभियान आयोजित
मंडी में नशा मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने और एक स्वस्थ शैक्षणिक माहौल स्थापित करने के उद्देश्य से पूरे शैक्षणिक समुदाय ने एकजुट होकर नशा मुक्त रहने की शपथ ली। इस अवसर पर कुलपति प्रो. एचके चौधरी, सभी विभागों के डीन, प्राध्यापक वर्ग और संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं ने नशे के खिलाफ दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें पूरे संस्थान के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस उपलक्ष्य पर अभिलाषी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आरके अभिलाषी और प्रो. चांसलर डॉ. एलके अभिलाषी ने आह्वान किया कि नशा मुक्ति अभियान में समस्त विश्वविद्यालय सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं इस मौके पर कुलपति ने अपने संबोधन में युवाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर विभिन्न डीन और वरिष्ठ प्राध्यापकों ने भी नशा मुक्त वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। शपथ ग्रहण समारोह में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. देवेंद्र शर्मा ने सभी को शपथ दिलवाई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी नशे से बचने के लिए प्रेरित करेंगे और नशे के खतरों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाएंगे।
अभिलाषी विश्वविद्यालय द्वारा नियमित तौर पर नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और परामर्श सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि विश्वविद्यालय के साथ वे समाज को भी नशा मुक्त वातावरण बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और एक सुरक्षित एवं स्वस्थ शैक्षणिक माहौल को सुदृढ़ करेंगे। इस उपलक्ष्य पर अभिलाषी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रो. चांसलर डॉ. एल.के.अभिलाषी, वाइस चांसलर प्रो. एच.के. चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. कपिल कपूर, जीनीयस एजुकेशन सोसाइटी की चेयरपर्सन डॉ. नर्वदा अभिलाषी, अभिलाषी एजुकेशन सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, सचिव नरेंद्र कुमार मौजूद रहे।












