राजकीय महाविद्यालय बासा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय बासा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों को विद्यार्थी जीवन में सीखने की इच्छा और नई चीजों को सीखने के लिए हमेशा तैयार रहने का आह्वान किया और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मेहनत और लगन से काम करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को जीवन में किसी भी कार्य को अनुशासन व निष्ठा से करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को तकनीकी शिक्षा की ओर प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि आज का दौर तकनीकी व डिजिटल दौर है। इसलिए विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ाने के लिए एकेडमिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी व डिजिटल शिक्षा पर भी फोकस करना होगा ताकि बदलते युग के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर अपने संबोधन में हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल ने विद्यार्थियों को वर्ष के दौरान शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के द्वारा महाविद्यालय के विकासात्मक कार्यों के लिए रखी मांगों को सरकार के समक्ष रखने व उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने मेधावी छात्रों को शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल, सराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश रेड्डी, एसडीएम गोहर लक्ष्मण कनेट, प्रधानाचार्य डॉ. पूर्ण चंद चौहान अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।












