चौहार और छोटा भंगाल घाटी में जियो नेटवर्क हांफने लगा, एक माह से परेशान हैं सैकड़ों उपभोक्ता
चौहार घाटी और छोटा भंगाल घाटी के दुर्गम गांवों में जियो का नेटवर्क पिछले एक माह से लगातार कमजोर होता जा रहा है। कभी नेटवर्क आता है, तो कभी अचानक गायब हो जाता है। इस आंख मिचौली वाले नेटवर्क ने जियो उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय उपभोक्ताओं सुरेश कुमार, रागी राम, विजय कुमार, अंजू, माधवी आदि का कहना है कि शुरू में जब यहां जियो का टावर लगाया गया था, तब नेटवर्क बहुत अच्छा था। परंतु समय के साथ सिग्नल की स्थिति बिगड़ती गई। अब हालत यह है कि मजबूरन कई लोगों को बीएसएनएल और एयरटेल की सिम लेनी पड़ रही है। खलैहल पंचायत के झरवाड़ गांव के ऊपर स्थापित जियो टावर से अब संतोषजनक नेटवर्क नहीं मिल रहा है। खासकर खराब मौसम में जियो पूरी तरह फेल हो जाता है, जबकि अन्य कंपनियों का नेटवर्क चालू रहता है। बरोट और मुल्थान जैसे बाजार क्षेत्रों में भी नेटवर्क की स्थिति खराब बनी हुई है। उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि वे जल्द से जल्द तकनीकी खामी को दूर करें ताकि घाटियों के लोगों को दोबारा बेहतर नेटवर्क सुविधा मिल सके।












