सवालड़ी-बड़ीधार व बनारू-चमेला सड़क का जीवन ठाकुर ने किया उद्घाटन, चतुर्भुजा मंदिर सड़क भी जल्द जनता को समर्पित होगी
जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नौहली पंचायत में रविवार को पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जीवन ठाकुर ने सवालड़ी-बड़ीधार व बनारू-चमेला सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर नौहली पंचायत उप प्रधान राम लाल व स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक शाल और टोपी पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस सड़क परियोजना को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह था, क्योंकि लंबे समय से इस क्षेत्र में सड़क सुविधा की मांग उठ रही थी। जीवन ठाकुर ने कहा कि यह सड़क मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की विशेष सौगात है, जिसे उन्होंने अपने पिछले जोगिंद्रनगर दौरे के दौरान ग्रामीण सड़क योजना के तहत स्वीकृत किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर के गांव तक सड़कों का जाल बिछाना है, जिससे हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
जीवन ठाकुर ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी। उन्होंने यह भी बताया कि लडवान से मां चतुर्भुजा मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और इसे भी शीघ्र जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चतुर्भुजा मंदिर एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है और वहां तक सड़क पहुंचने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह सड़क घरोण और वदनधार जैसे गांवों के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी, जो अब तक सड़क सुविधा से वंचित थे। इस अवसर पर जीवन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र की हर पंचायत को सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं देने के लिए कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की जनहित योजनाएं क्षेत्र को विकास की नई राह पर अग्रसर करेंगी।












