भाजपा पर मुख्यमंत्री सुक्खू का तीखा वार, महिला आरक्षण मुद्दे पर धरने को बताया ‘राजनीतिक स्टंट’
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के हालिया धरना-प्रदर्शन को सीधे तौर पर “राजनीतिक स्टंट” करार देते हुए कहा कि यह सब केवल जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद में पारित हो चुका है और वर्ष 2023 में कांग्रेस पार्टी ने इसका पूरा समर्थन किया था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लंबे समय से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के पक्ष में रही है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं।
सीएम ने भाजपा के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस विधेयक को लेकर भाजपा खुद प्रक्रिया में शामिल रही और जिसमें जनगणना व परिसीमन के बाद आरक्षण लागू करने की बात स्पष्ट है, उसी मुद्दे पर अब धरना देना पूरी तरह विरोधाभासी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस तरह के आंदोलन कर रही है, जबकि प्रदेश में आपदा प्रबंधन और अन्य गंभीर मुद्दों पर उसकी भूमिका निष्क्रिय रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अब भाजपा की इन रणनीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है और ऐसे प्रयासों से कोई भ्रम पैदा नहीं किया जा सकता।
वहीं, पंचायत चुनावों को लेकर सीएम सुक्खू ने कहा कि सभी इच्छुक प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा सकते हैं, कांग्रेस पार्टी पूरी तरह उनके साथ खड़ी है।












