पधर उपमंडल में नशे की अवैध खेती रोकने के लिए संयुक्त कमेटी का गठन
उपमंडल पधर में नशे की अवैध खेती पर सख़्ती से रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निर्णायक कदम उठाया है। इसी कड़ी मे बुधवार को एसडीएम कार्यालय पधर में एसडीएम सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में वन विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की एक संयुक्त कमेटी का गठन किया गया। बैठक में एसडीएम सुरजीत सिंह ने बताया कि उपमंडल के कई क्षेत्रों से लगातार भांग की अवैध खेती की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। प्रशासन पूर्व में भी इस पर कार्रवाई कर चुका है, लेकिन अब इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से यह संयुक्त कमेटी बनाई गई है। कमेटी को तत्काल प्रभाव से भांग की अवैध खेती उखाड़ने और कार्रवाई की साप्ताहिक रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि जिन पंचायतों में भांग की खेती के ज्यादा मामले हैं, वहां जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव और अवैध खेती के कानूनी परिणामों की जानकारी दी जा सके। वहीं एसडीएम सुरजीत सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे भांग जैसी अवैध फसलों की खेती छोड़कर नगदी फसलों और प्राकृतिक खेती को अपनाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल किसानों की आजीविका सुरक्षित होगी, बल्कि समाज को नशे की बुराई से भी बचाया जा सकेगा।












