सौहर में गौशाला से भागी भैंस गिरी खाई में, दमकल विभाग ने रेस्क्यू कर बचाई जान
लडभड़ोल तहसील के सिमस पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव सौहर में एक गौशाला में बंधी भैंस के खाई में गिरने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, भैंस के मालिक सुनील कुमार रोज की तरह जब गौशाला में पहुंचा और भैंस को बाहर बांधने के लिए रस्सी से खोल रहा था, तभी भैंस अचानक भाग गई और कुछ ही दूरी पर स्थित गहरी खाई में गिर गई।इस हादसे में भैंस के एक पैर में गंभीर चोट आई और वह खाई में फंस गई। इसकी सूचना सुनील कुमार ने सिमस पंचायत के प्रधान विवेक जसवाल को दी। पंचायत प्रधान ने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग जोगिंद्रनगर को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व पंचायत प्रधान की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद भैंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस संबंध में दमकल विभाग जोगिंद्रनगर के प्रभारी लेख राम भारद्वाज ने बताया कि उन्हें पंचायत प्रधान से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद वे टीम सहित मौके पर पहुंचे और सफलतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। घायल भैंस को उसके मालिक को सौंप दिया गया है। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की है।












